बाइक सवार से बचने ट्रैक्टर से कूदा ड्राइवर

ROJGAAR WALA

Ticker

3/recent/ticker-posts

बाइक सवार से बचने ट्रैक्टर से कूदा ड्राइवर

नवापारा राजिम

शहर के पंजवानी चौक के पास मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया, जब रेत से भरा अनियंत्रित ट्रैक्टर दुकानों में जा घुसा। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दुकान के सामने लगा लोहे का शेड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर (सीजी 05 एएस 1920) नवागांव से रेत लेकर इंदिरा मार्केट की ओर जा रहा था। पंजवानी चौक के पास ट्रैक्टर एक बाइक सवार से टकराते-टकराते बचा। इससे नाराज बाइक सवार चालक की ओर बढ़ा तो घबराया चालक वाहन रोकने के बजाय चलती ट्रैक्टर से ही कूदकर मौके से फरार हो गया। चालक के कूदते ही रेत से लोड ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित बुक डिपो व कपड़े की दुकानों के बीच जा घुसा। घटना के समय सड़क पर भीड़ अपेक्षाकृत कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो कई लोग उसकी चपेट में आ सकते थे। वाहन को दुकानों की ओर बढ़ता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में दुकानों के सामने लगा लोहे का शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में दूसरे इंजन की मदद से रेत से भरी ट्रॉली हटाई गई और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया।

घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखा गया। लोगों ने भारी वाहनों की लापरवाही और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग को हादसों की बड़ी वजह बताया। उनका कहना है कि गंज रोड पर डिवाइडर के बीच छोड़े गए रास्तों के आसपास दोपहिया वाहन खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ