मगरलोड | बिरझुली के आश्रित गांव कमारिनमुडा पैड्रा, कुसुमखुंटा, बिरझुली, आलेखूंटा, बोदलबहारा के ग्रामीण लंबे समय से मक्खियों की गंभीर समस्या से परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी मुख्य वजह कमारिनमुडा में करीब 10 एकड़ में चल रहा पोल्ट्री फार्म है। लापरवाही, खराब मैनेजमेंट से बड़ी संख्या में मक्खियां पैदा हो रही हैं।
मक्खियां आसपास के गांवों तक फैल रही हैं। घरों की रसोई, हॉल, आंगन, गलियों में मक्खियों का तेज प्रकोप है। सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बारिश का मौसम शुरू होने वाला है। मक्खियों से संक्रामक, मौसमी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। इससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ी है। पंचायत बिरझुली ने पहले तहसील व कलेक्ट्रेट में शिकायत की थी।
जांच के बाद समस्या के निराकरण, नियंत्रण के लिए संबंधित पक्ष को समय-सीमा दी गई थी। अब तक स्थिति में खास सुधार नहीं हुआ। परेशानी बढ़ती जा रही है। युवा कांग्रेस, ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द जांच हो। पोल्ट्री फार्म संचालक पर मक्खियों के नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से जरूरी, प्रभावी कार्रवाई हो। समय-सीमा में स्थायी समाधान नहीं होने पर युवा कांग्रेस ब्लॉक मगरलोड ने ग्रामीणों के साथ चक्काजाम, विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
Tags
chhattisgarh