पुरानी सड़क उखाड़ दी, गिट्टी व मुरुम डालकर भूल गए अफसर; अब कीचड़ और गड्डों से जूझ रही जनता

न्यूज |मगरलोड 
करेली बड़ी से खट्टी और नारी बुड़ेनी को जोड़ने वाला करीब 8 किमी लंबा सड़क मार्ग बदहाल हो चुका है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति करेली बड़ी और खट्टी के बीच के 2 किमी हिस्से की है। यह हिस्सा पूरी तरह गड्डों और कीचड़ में तब्दील हो चुका है। ग्रामीणों ने बताया कि अप्रैल, मई और जून में इस सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हुआ था। ठेकेदार और विभाग ने पुरानी डामर सड़क उखाड़कर बेस वर्क किया। गिट्टी-मुरुम डाली। समतलीकरण शुरू किया। बारिश शुरू होते ही निर्माण कार्य अधर में रोक दिया गया।

मगरलोड ब्लॉक को जोड़ने वाली मेघा महानदी पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उसका एप्रोच रोड भी बारिश में बह गया है। मेघा एनीकट और मेघा पुलिया का रास्ता बंद होने के कारण अब मगरलोड से कुरूद और जिला मुख्यालय धमतरी पहुंचने का एकमात्र मुख्य मार्ग यही करेली-खट्टी-नारी पुलिया रह गया है। इस वजह से जर्जर सड़क पर वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है।

रोज गिर रहे राहगीर, बड़ी दुर्घटना का डरः बारिश के कारण सड़क के गड्ढे अब डाबरी जैसे नजर आने लगे हैं। रोज सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, किसान, व्यापारी गिरते-पड़ते इस रास्ते को पार करने को मजबूर हैं। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्डों में पानी भरा होने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता। स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। उन्होंने मांग की है कि बारिश थमते ही इस मुख्य मार्ग की मरम्मत कराई जाए। किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके। एसडीएम कुरूद नभसिंह कोसले ने कहा कि मामला संज्ञान में है। संबंधित विभाग के अधिकारी और ठेकेदार को निर्देशित कर सड़क की मरम्मत कराई जाएगी। राहगीरों को परेशानी न हो। किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके। जिम्मेदार अधिकारियों ने यह कहा? बारिश के कारण रुका है काम। पीएमजेएसवाई के एसडीओ आरके शुक्ला ने कहा कि करेली बड़ी-खट्टी-नारी सड़क का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण चल रहा है। बारिश के कारण अभी काम रुका हुआ है। बारिश से सड़क में गड्ढे हो गए हैं। ठेकेदार से कहकर जल्द ही मरम्मत कराई जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

यहां टिप्पणी दर्ज करें

और नया पुराने